Thursday 23 February 2017

घर में जन्म लेने वाले बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने में दिक्कत



दानापुर। नगर परिषद दानापुर निजामत अंतर्गत वार्ड नम्बर-36 की वार्ड पार्षद हैं किरण देवी। वार्ड पार्षद किरण देवी का सहयोग राउंड टेबल नगर,दानापुर,गाभतल में रहने वाले महादलितों को नहीं मिलता है। इसके कारण महादलित मुसहर समुदाय के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। बुजुर्ग कुंज बिहारी मांझी और रामाशीष मांझी दिव्यांग को पेंशन नहीं मिलती है। जब महादलित मर जाते हैं तो उनका कबीर अत्येष्ठि योजना के तहत 14 रू0 नहीं मिलता है। इसका परिणाम यह होता है कि हिन्दू होने के बावजूद भी कब्र खोंदकर मृतक को दफनाया जाता है।

खैर, यहां के 84 घरों के लोगों को बीपीएल में शामिल कर लिया गया। सभी विधवा महिलाओं को लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन से लाभ दिलवाया जा रहा है। वहीं अधिकांश लोगों को  आधार कार्ड बना है। इस क्षेत्र की आशा बहन सोनी सिंह ने कहा कि महादलित गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव करवाने के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में लिया जाता है। उनको 1 हजार रू0 दिया जाता है। यहां की 4 गर्भवती महिलाओं का प्रसव हुआ है। बैंक पास बुक नहीं बनने से राशि नहीं मिली है। धानो देवी का कहना है कि बैंक में एकाउंट खोलवाने में 1 हजार रू0 लगता है। सुरक्षित प्रसव करवाने के बाद 1 हजार रू0 मिलता है। ले देकर साफ हो जाएगा। इसी लिए हमलोग दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।
आशा बहन ने बताया कि वार्ड नम्बर-36 में 2 आंगनबाड़ी केन्द्र है। एक की सेविका रश्मि कुमारी और सहायिका रेणु कुमारी हैं। दूसरी की सेविका अनिता कुमारी और सहायिका नीलम कुमारी हैं। यहां की महादलित महिलाएं आंगनबाड़ी केन्द्र से शिकायत करती हैं उनका कहना है कि एक किलो चावल और 500 ग्राम से कम दाल मिलता है।बच्चे टीकाकरण के लिए जाते हैं। हमलोग मां बनने के बाद प्रथम दूध को बच्चा को पिलाते हैं। मगर घर में प्रसव करवाने वाली माताओं का कहना है कि उनके बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने में दिक्कत होती है। कोर्ट से शपथ-पत्र,घर का नवीनतम रशीद और प्रसव करवाने वाली दाई का हस्ताक्षरयुक्त अथवा अंगूठा निशान प्रमाण-पत्र चाहिए। इस ओर सरल तरीका अपनाने की व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए। ऐसा करने से परेशानी कम होगी।

आलोक कुमार


No comments: