Monday 25 March 2013

जल एवं स्वच्छता के अधिकार पर अभियान शुरू

रासायनिक खेती से पानी हुआ प्रदूषित: कृषि मंत्री



स्वच्छता एवं जलाभियान धार्मिक और अध्यात्मिक कार्य - डॉ. अजय मेहता

भोपाल। सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में आज भोपाल में जलाभियान का शुभारंभ किया गया। शुद्ध पेयजल, स्वच्छता एवं सफाई के अधिकार के लिए प्रदेश की दर्जनों संस्थाएं एक साथ इस अभियान से जुड़कर कार्य करने वाली हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री रामकृष्ण कुसमारिया ने कहा कि रासायनिक खेती से पानी ज्यादा प्रदूषित हुआ है। लोगों को अपनी आदतों में सुधार लाना होगा एवं पानी के दोहन को रोकना होगा, तभी हम जल बचा पाएंगे।

जलाधिकार अभियान में प्रदेश के 11 जिलों के लोग शामिल हुए। सबसे पहले गांधी भवन से एन.आई.टी.टी.टी. आर. तक लोग रैली में शामिल हुए। अभियान की ओर से 11 जिलों के 11 आदिवासियों को अभियान का झंडा दिया गया। वे अपने क्षेत्र में सक्रियता से अभियान को चलाएंगे। श्री कुसमारिया ने कहा कि सरकार ने पानी बचने के लिए कई योजनाएं बनाई है। जरूरत है कि हम सबको आरोप-प्रत्यारोप से परे होकर मिलजुलकर काम करना होगा। जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अजय मेहता ने कहा कि जलाभियान एवं स्वच्छता की बात की जाए, तो यह धार्मिक एवं अध्यात्मिक कार्य है। देश को विकसित बनाने के लिए जल एवं स्वच्छता को आम आदमी तक पहुंच सुनिश्चित करना होगा।

जलाधिकार अभियान, मध्यप्रदेश के संयोजक एवं एकता परिषद के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. रनसिंह परमार ने मध्यप्रदेश के संदर्भ में जल और स्वच्छता से जुड़े आंकड़ों को पेश करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के 86.42 फीसदी ग्रामीण आबादी खुले में शौच करती है यानी सिर्फ 13.6 फीसदी ग्रामीण आबादी ही शौचालय का उपयोग कर पाती है। मध्यप्रदेश की आधी आबादी को तय मानक तक पानी उपलब्ध नहीं हो पाता। ऐसे में लोगों को जागरूक करने एवं सरकार को इस दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि स्वच्छता के अभाव एवं खेतों में रसायन के उपयोग से जलस्रोत एवं नदियां प्रदूषित हो रही हैं। भूजल के दोहन से पानी खत्म हो रहा है। हमें इसे रोकना होगा। वाटर एड की ममता दास ने कहा कि अभियान की अगुवाई प्रभावित लोगों को ही करना है, जिसमें सिविल सोसायटी के लोग सहयोग करेंगे। श्योपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष गुड्डी बाई ने कहा कि पानी हमार मूलभूत अधिकार है एवं आदिवासी समाज प्राकृतिक संसाधनों का दोहन नहीं करते, बल्कि जरूरत के मुताबिक उपयोग करते हैं। कल्पतरू, गुना के अजय शुक्ला ने कार्यक्रम का संचालन एवं आभार व्यक्त किया। विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं ने प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखकर अभियान के लिए अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।

उल्लेखनीय है कि प्रदूषित पानी एवं स्वच्छता के अभाव में देश के हजारों बच्चे की जान हर साल चली जाती है। लाखों महिलाएं खुले में शौच जाने के लिए मजबूर रहती हैं जहां छेड़छाड़ या बलात्कार जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। सिर्फ 12 फीसदी महिलाओं एवं लड़कियों का ही सेनेटरी नैपकिन तक पहुंच है। माहवारी शुरू होते ही 23 फीसदी भारतीय बालिकाएं शाला त्याग देती हैं। देश में अभी भी 794390 शुष्क शौचालय हैं, जहां से शौच की सफाई हाथों से होती है।
अनिल गुप्ता (9893404233)
जलाधिकार अभियान, मध्यप्रदेश



No comments: