Monday 14 February 2022

15 फरवरी को सीबीआई की विशेष अदालत में सशरीर हाजिर होना है लालू प्रसाद को


रांची।राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद रविवार को दोपहर में विमान से रांची पहुंचे। उन्हें चारा घोटाला के एक मामले में फैसले के लिए निर्धारित तिथि 15 फरवरी को सीबीआई की विशेष अदालत में सशरीर हाजिर होना है। लालू प्रसाद के साथ राजद के झारखंड प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव, पार्टी के प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, भोला यादव और श्याम रजक भी आये हैं। 

लालू प्रसाद यादव के स्वागत के लिए प्रदेश राजद के नेता फूल-माला, बैंड बाजा और पार्टी झंडा के साथ बड़ी संख्या में एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। इनमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल थीं। एयरपोर्ट से बाहर निकले लालू प्रसाद की एक झलक पाने को लेकर  कार्यकर्ताओं के बीच अफरा तफरी मची रही। इस दौरान धक्का मुक्की की भी स्थिति बनी। उनके करीब पहुंचने को लेकर मची अफरा-तफरी में कई कार्यकर्ता नीचे गिर पड़े। कार्यकर्ताओं की भीड़ और नारेबाजी से उत्साहित लालू प्रसाद ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया। इस समय सफेद रंग के कुरता-पायजामा में लालू प्रसाद बाहर से सहज दिखे। उन्होंने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। बाद में पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षा घेरे में ले लिया। इसके बाद वे काफिला के साथ मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला पहुंचे। यहां पर उन्होंने संगठन के स्थानीय नेताओं से मुलाकात की।

बता दें कि अपने जमाने में चारा घोटाला बिहार का सबसे बड़ा घोटाला था। उस समय झारखंड भी बिहार में शामिल था। बिहार-झारखंड के कई जिलों के कोषागारों से पशु चारा के नाम पर 950 करोड़ रुपए की अवैध निकासी हुई थी। यह घोटाला 1996 में हुआ था। लालू प्रसाद यादव को इसकी वजह से सीएम की कुर्सी भी गंवानी पड़ी थी। वे जेल भी भेजे गये थे। इस मामले में पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्रा पर भी आरोप लगे थे। बिहार का चारा घोटाला पूरे विश्व में मीडिया की सुर्खियों में शुमार हुआ था।

बता दें कि चारा घोटाले के डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में रांची का सीबीआई कोर्ट 15 फरवरी को फैसला सुनाएगा। इसमें RJD सुप्रीमो लालू यादव सहित 99 आरोपियों को CBI के विशेष जज एसके शशि की अदालत में सशरीर उपस्थित होने का आदेश दिया गया है। इसी सिलसिले में वह रांची पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि एक बार फिर लालू यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उन्हें फिर जेल भेजा जा सकता है। जिसको लेकर उनकी जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है।

चारा घोटाले के पांचों मामलों में से यह मामला सबसे बड़ा मामला है। रांची ज‍िले के डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ का स्कैम हुआ था। इसी केस में ही अन्य मामलों से ज्यादा रकम की निकासी हुई थी। इस मामले में शुरू में 170 आरोपित बनाए गए थे। इसमें 55 की अबतक मौत हो चुकी है। वहीं 6 आरोप‍ित फरार चल रहे हैं। लालू पहले से ही चारा घोटाले के 4 मामलों में दोषी करार दिए जाने के बाद सजायाफ्ता हैं। वह अभी अपने हेल्थ की वजह से जमानत पर जेल से बाहर हैं। 4 मामलों में उनको टोटल 27 साल की सजा हुई है।  


आलोक कुमार

No comments: